जमशेदपुर।



मानगो मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने प्रतिष्ठित उद्योगपति कैरव गांधी की सकुशल वापसी को शहर के लिए एक बड़ी राहत की खबर बताया है। उन्होंने इस पूरे मामले में जमशेदपुर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और पेशेवर कार्यशैली की खुले तौर पर सराहना की।
पुलिस की कार्रवाई से बढ़ा सुरक्षा पर भरोसा
सुधा गुप्ता ने कहा कि जिस तेजी और सजगता के साथ पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इस सफल अभियान से न केवल पीड़ित परिवार को राहत मिली है, बल्कि शहरवासियों में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है। पुलिस की गोपनीय रणनीति और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि युवक सुरक्षित अपने घर लौट सका।
एक माँ के रूप में पीड़ा को किया महसूस
मेयर प्रत्याशी ने भावुक होते हुए कहा कि वह स्वयं एक जवान बच्चे की माँ हैं, इसलिए उस माँ की पीड़ा और मानसिक स्थिति को भली-भांति समझ सकती हैं, जिसका बेटा कई दिनों तक लापता रहा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए यह समय असहनीय होता है और ऐसी घटनाएं समाज को भीतर तक झकझोर देती हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :साकची और मानगो में गणतंत्र दिवस समारोह, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने फहराया तिरंगा
भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगे सख्त रोक
सुधा गुप्ता ने कहा कि भविष्य में कोई भी माँ इस तरह की पीड़ा से न गुजरे और हर परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सके, इसके लिए आवश्यक है कि इस प्रकार के अपराधों पर कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का भय होना बेहद जरूरी है।
केवल बरामदगी नहीं, दोषियों को सजा जरूरी
मेयर प्रत्याशी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि न्याय तब तक अधूरा है, जब तक इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा नहीं दिलाई जाती। उन्होंने कहा कि केवल पीड़ित की सुरक्षित बरामदगी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराधियों को कानून के तहत कठोर दंड मिलना ही समाज में भरोसा और सुरक्षा की भावना को मजबूत करेगा।
प्रशासन से उदाहरण पेश करने की अपेक्षा
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मामले को एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करेगा, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी कानून को चुनौती देने का दुस्साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि सख्त कार्रवाई ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने का एकमात्र रास्ता है।





