
जमशेदपुर: शहर के चर्चित करणी सेना के जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड में एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव के बीच अंततः कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थी।

उल्लेखनीय है कि 27 जून को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। अपराधियों ने पुलिस गाड़ी से उतारकर हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से ही शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे थे और पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का भारी दबाव था।
पुलिस इस मामले में अब तक डीडी बार के मालिक और मैनेजर समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। विश्वनाथ मंडल के कोर्ट में सरेंडर करने के बाद पुलिस अब उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य अहम राज और साजिशकर्ताओं के चेहरों से भी पर्दा उठ सके।


