
जमशेदपुर: सावन (Sawan 2026) के पावन महीने में लौहनगरी जमशेदपुर एक बार फिर शिवभक्ति में डूबने को तैयार है। सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर समिति (Surya Mandir Samiti Sidhgora) द्वारा आगामी 17 अगस्त (सावन की तृतीय सोमवारी) को एक भव्य और ऐतिहासिक सामूहिक जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को भालूबासा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष की जलाभिषेक यात्रा अपने आप में अद्भुत होगी। इस पावन यात्रा में 11,000 से 15,000 शिवभक्तों के शामिल होने का अनुमान है, जो सुल्तानगंज (Sultanganj) की पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा के जल से बाबा भोलेनाथ का अभिषेक करेंगे।


यह भी पढ़ें :Fake TTE in Train: रेलवे में नौकरी नहीं, फिर भी आसनसोल-गया एक्सप्रेस में कर रही थी टिकट चेकिंग! यात्रियों की सूचना पर धनबाद में धरा गई ‘फर्जी महिला टीटीई’
बारीडीह से शुरू होगी यात्रा, पूर्व CM रघुवर दास रहेंगे मौजूद
सोमवार को प्रातः 7 बजे सभी श्रद्धालु बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे।
संकल्प और प्रस्थान: यहीं पर सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र गंगाजल से संकल्प और पूजन अनुष्ठान संपन्न होगा। इसके पश्चात, विशाल जनसैलाब कतारबद्ध होकर भक्तिमय भजनों के साथ सूर्य मंदिर शिवालय की ओर प्रस्थान करेगा।
आकर्षण का केंद्र: जलाभिषेक यात्रा में भक्तिमय संगीत, शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी, भजन मंडली की मनमोहक प्रस्तुति और रास्ते भर होने वाली पुष्पवर्षा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।
विशिष्ट अतिथि: इस ऐतिहासिक यात्रा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास (Raghuvar Das), विधायक पूर्णिमा साहू (Purnima Sahu) और शहर के कई प्रबुद्धजन आम श्रद्धालुओं व माताओं-बहनों के साथ पदयात्रा करेंगे।
यह भी पढ़ें: Jamshedpur News: घर को दें इंटरनेशनल लुक! जमशेदपुर में खुल रहा ‘आर्कुरा’ का 5000 sq ft का भव्य फर्नीचर शोरूम
‘अरघा’ से होगा जलार्पण, 200 सेवक संभालेंगे व्यवस्था
अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं।
तोरण द्वार व सजावट: पूरे यात्रा मार्ग और शहर के प्रमुख गोलचक्करों को भव्य तोरण द्वारों और केसरिया ध्वज से सजाया गया है।
सुविधा व सुरक्षा: व्रतधारी श्रद्धालुओं की सहूलियत और भारी भीड़ को देखते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम (Deoghar) की तर्ज पर ‘अरघा’ (Argha) के माध्यम से जलार्पण की विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे रास्ते में यातायात नियंत्रण और सहयोग के लिए 200 से अधिक ‘सूर्यधाम सेवक’ सक्रिय रहेंगे।
मेडिकल टीम: आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए यात्रा में 2 एम्बुलेंस (Ambulance) के साथ मेडिकल टीम तैनात रहेगी, और रास्ते में स्वच्छ जल का छिड़काव किया जाएगा।
महाप्रसाद: जलार्पण के पश्चात सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद वितरण के लिए 20 काउंटर और पेयजल के 15 काउंटर लगाए जाएंगे।
शाम में काशी की तर्ज पर होगी दिव्य ‘महाआरती’
मंदिर समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी और मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि तीसरी सोमवारी के संध्याकाल में एक अद्भुत आध्यात्मिक नज़ारा देखने को मिलेगा।
बनारस के तर्ज पर आरती: सूर्य मंदिर परिसर के छठ घाट तालाब पर वाराणसी (काशी) के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती (Maha Aarti) का आयोजन होगा।
11 प्रशिक्षित पंडित: इसके लिए वाराणसी से 11 सदस्यीय विशेष प्रशिक्षित मंडली जमशेदपुर आ रही है, जो पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस दिव्य महाआरती को संपन्न कराएगी। आरती के दौरान शानदार आतिशबाजी (Firecrackers) भी होगी।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, मीडिया प्रभारी प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा एवं वरिष्ठ सदस्य कुलवंत सिंह बंटी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समिति ने सभी शहरवासियों से सपरिवार इस पावन आयोजन में शामिल होने की अपील की है।


