
जमशेदपुर। वर्ल्ड कैंसर डे 2025 के अवसर पर कैंसर से जूझ रहे मरीज़ों को प्रोत्साहित और उन्हें कैंसर से जीतने के लिए प्रेरित करने के लिए कैंसर सरवाइवर मीट कार्यक्रम का आयोजन, ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, तमोलिया (नारायणा हेल्थ, बैंगलोर द्वारा संचालित जमशेदपुर में एक मात्र हॉस्पिटल ) में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव, कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर अमित कुमार एवं सीनियर कैंसर सर्जन डॉ आशीष कुमार एवं मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ मुकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जीते हुए मरीजों से रूबरू होना था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रितु रुंगटा (कैंसर सर्वाइवर, सर्टिफाइड योगा ट्रेनर और समाज सुधारक) मुकुल खंडेलवाल, सुनीता तिवारी, स्वर्णलता मिश्रा, बिट्टू तिवारी एवं रीना साहू आदि ने अपने अनुभवों को कैंसर मरीजों के साथ साझा किया। हॉस्पिटल में मरीजों के लिए विभिन्न कार्यक्रम जैसे योग, प्राणायाम की भूमिका को कैंसर से निजात पाने में अहम बताया। कार्यक्रम में उपस्थित डाइटिशियन प्रिया द्विवेदी ने कैंसर बीमारी से बचाव के लिए खान-पान की भूमिका को महत्व दिया। कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ अमित कुमार ने इस वर्ष के थीम यूनाइटेड बाई यूनीक पर चर्चा करते हुए बताया कि यह जनकेंद्रित देखभाल पर आधारित है। मरीज यदि सकारात्मक सोच रखें और स्वस्थ जीवन शैली अपनाए तो कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से आसानी से उबरा जा सकता है। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित सीनियर कैंसर सर्जन डॉ आशीष कुमार ने बताया कि यदि कैंसर के लक्षण को शुरुआती दौर में पकड़ा जाए तो कैंसर जैसी बीमारी को पूर्ण रूप से निदान पाया जा सकता है। फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव ने बताया कि कैंसर की रोकथाम में जागरूकता बहुत जरूरी है। मालूम हो कि नारायणा हेल्थ, बैंगलोर द्वारा संचालित ब्रह्मानंद नारायणा हॉस्पिटल, तमोलिया समय-समय पर स्वास्थ्य परीचर्चा एवं कैंसर स्क्रीनिंग कैंप के माध्यम से लोगों में कैंसर जैसी बीमारी को रोकने के लिए जागरूकता फैलाती है।




