जमशेदपुर
करीम सिटी कॉलेज, साकची, जमशेदपुर के सेवा निवृत्ति प्राध्यापक प्रोफेसर (डॉ) मंजूर अहमद का पिछली रात देहांत हो गया। वे लम्बे समय से बीमार थे। टाटा मेन हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। प्रो अहमद करीम सिटी कॉलेज के इतिहास विभाग के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवा प्रदान कर सेवानिवृत हुए थे। वे न केवल जमशेदपुर बल्कि राज्य स्तर पर इतिहास के विद्वान माने जाते थे। उनके देहांत की सूचना मिलते ही कॉलेज में उदासी छा गई। संध्या 4:00 बजे से सभी संकायों के वर्ग स्थगित कर दिए गए और उनकी याद में शोक सभा आयोजित की गई। सभा को प्राचार्ज डॉ मोहम्मद रेयाज ने संबोधित किया। उनके देहांत पर दिली सदमें को व्यक्त करते हुए कहा की प्रोफेसर मंजूर अहमद जैसा काबिल प्राध्यापक रोज-रोज नहीं पैदा होते। वे हम सबों के सीनियर थे। उनसे हम लोगों ने बहुत कुछ सीखा है। उनका अध्ययन विशाल था और उनके काम करने तथा पढ़ाने का ढंग अनोखा था। मैं पूरे कॉलेज परिवार की तरफ से दुआ करता हूं कि उन्हें उनकी आत्मा को शांति मिले और अल्लाह उन्हें जन्नत अदा करें।
प्राचार्य से पहले डॉ इंद्रसेन सिंह (सेवानिवृत्ति इतिहास के प्राध्यापक), डॉ अनवर शहाब (इंचार्ज आर्ट्स फैकेल्टी) तथा डॉ मुअज्जम नजरी (इंचार्ज कॉमर्स फैकल्टी) ने भी सभा को संबोधित किया तथा अपने सीनियर प्रोफेसर के देहांत पर शोक प्रकट किया। अंत में उनकी आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया और उनके लिए इजतमाई दुआ की गई।

