जमशेदपुर। टाटा स्टील यूटिलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व में जुस्को) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन पर शहर में शोक की लहर है। वरिष्ठ नागरिक सह मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप कदमा ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
आज सुबह, श्रीकांत देव के नेतृत्व में कदमा के वरिष्ठ नागरिक सदस्यों ने सोनारी लिंक रोड गोलचक्कर के पास शोक सभा आयोजित की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि ऋतुराज सिन्हा न केवल एक दूरदर्शी और निष्ठावान नेतृत्वकर्ता थे, बल्कि कर्मचारियों और समाज के प्रति उनका सहज सहयोग और मानवता की भावना उनके व्यक्तित्व की विशेषता थी। उनके अचानक निधन को शहर के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया गया।
जुस्को श्रमिक यूनियन के पूर्व महासचिव एस एल दास ने कहा कि चाहे सामाजिक समस्या हो या कर्मचारियों से संबंधित कोई मामला, ऋतुराज सिन्हा का समाधान हमेशा सहज और प्रभावशाली ढंग से होता था। उनके मार्गदर्शन और निर्णय क्षमता ने संगठन को हमेशा स्थिरता और संतुलन प्रदान किया।
शोक सभा में जुस्को यूनियन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें श्रीकांत देव, संजय सिन्हा, एस एन मित्रा, भरत भूमिज, एस एस दास, बिल्लू राम, गणेश चौधरी, शंभू सरदार, एस एस महतो, के कार, सुब्रतो सिन्हा, एच डी ठाकुर, एच बी सिंह, शिशिर घोष, बी महतो, आशीष बिद और संजय सिंह शामिल थे। इसके साथ ही राहगीरों ने भी पुष्प अर्पित कर अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटा स्टील UISL के एमडी ऋतुराज सिन्हा का निधन
कदमा के वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि ऋतुराज सिन्हा का योगदान केवल व्यवसायिक या प्रशासनिक क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने कर्मचारियों और समाज के बीच सहयोग और विश्वास का पुल भी बनाया। उनका व्यक्तित्व आज भी प्रेरणा का स्रोत है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और कर्मठता को हम सभी सदैव याद रखेंगे और उनका योगदान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला, जिसमें सभी उपस्थित सदस्यों ने उनके योगदान और मानवता के प्रति उनके समर्पण को याद किया।


