
जमशेदपुर: झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक और असामयिक निधन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बड़ा निर्णय लिया है। पार्टी के केंद्रीय निर्देशानुसार, आगामी 7 सितंबर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित होने वाला एक दिवसीय धरना प्रदर्शन अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने जारी की सूचना
झामुमो पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह मंत्री आदरणीय सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ का 6 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 03:30 बजे आकस्मिक निधन हो गया है।
शोक के इस अत्यंत कठिन और मर्माहत कर देने वाले समय में पार्टी के सभी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। इसी दुखद घटना के मद्देनजर जिला समिति ने पूर्वी सिंहभूम के सभी प्रखंड/नगर अध्यक्ष एवं सचिव, महानगर संयोजक मंडली, तथा शाखा के अध्यक्ष एवं सचिवों को निर्देशित किया है कि वे इस सूचना से अवगत होकर आगामी कार्यक्रम का तदनुसार अनुपालन सुनिश्चित करें।

