
जमशेदपुर।


आगामी 11 नवंबर 2025 को होने वाले घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। चुनावी मैदान में कुल 13 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से जेएमएम, बीजेपी और जेएलकेएम के बीच त्रिकोणीय बन चुका है। इसी बीच जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं उपचुनाव मुख्य संयोजक देवेन्द्र नाथ महतो के घाटशिला पहुंचते ही चुनावी माहौल गर्म हो गया है।
देवेन्द्र नाथ महतो इन दिनों क्षेत्र में डेरा जमाकर लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और जीत की रणनीति तय कर रहे हैं। उन्होंने प्रचार के दौरान कहा कि घाटशिला क्षेत्र में दवाई, कमाई और पढ़ाई की व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। जनता भ्रष्टाचार, अपराध और अफसरशाही से त्रस्त है और अब बदलाव का मन बना चुकी है।
महतो ने दावा किया कि 11 नवंबर को घाटशिला की जनता जेएलकेएम के पक्ष में मतदान कर एनडीए और इंडिया गठबंधन का सुफ़ड़ा साफ़ कर देगी। उन्होंने जनता से अपील की कि जेएलकेएम प्रत्याशी रामदास मुर्मू को विजयी बनाएं ताकि क्षेत्र में विकास का नया अध्याय लिखा जा सके।
उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को रामदास मुर्मू की जीत के बाद घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के सभी ब्लॉक, अस्पताल, स्कूल और थाना की स्थिति में सुधार किया जाएगा। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा ताकि पलायन की समस्या खत्म हो सके।
प्रचार अभियान के दौरान देवेन्द्र नाथ महतो और रामदास मुर्मू ने क्षेत्र के कालचीती, बांधड़ीह, रघुनाथडीह, दलकी, खुकड़ाखुपी, योगीसोन, मनका बेड़ा, रावताड़ा, नरसिंहगढ़, तिलाबोनी, जनबोनी, सोनाखून और बधुवा सहित कई गांवों में जनसंपर्क कर लोगों से जेएलकेएम के पक्ष में मतदान की अपील की।
इस दौरान लोगों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जेएलकेएम के नेताओं का स्वागत किया। मौके पर फनी भूषण महतो, भगीरथ हंसदा, विद्यापति महतो, विभास भगत, अमियो रंजन भगत, समित, मिंटू, रतन समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :पूर्वी सिंहभूम के खिलाड़ियों का दबदबा जारी, रांची और गढ़वा ने भी दिखाया दम
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि इस चुनाव में जनता ही असली निर्णायक है और इस बार घाटशिला में जनादेश परिवर्तन के पक्ष में जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जेएलकेएम घाटशिला उपचुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।


