जमशेदपुर,। चक्रवात ‘अर्णव’ (Cyclone Arnab) और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिला प्रशासन की ओर से यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया गया है।
READ MORE :SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: मौसम अलर्ट के चलते 28 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूल बंद, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर लिया गया फैसला
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड, रांची के पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णव’ और भारी बारिश की चेतावनी देते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में चिह्नित किया गया है। इसके तहत तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है।
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी श्रेणी के विद्यालयों में दो दिनों तक कक्षाएं स्थगित रखने का निर्णय लिया है।
निजी स्कूलों में पहले से निर्धारित परीक्षा पर प्रबंधन लेगा फैसला
प्रशासनिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो उसके आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकता है। ऐसे में अभिभावकों और विद्यार्थियों को अपने संबंधित विद्यालय से परीक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।
READ MORE :JAMSHEDPUR WEATHER ALERT: चक्रवाती सिस्टम का असर, पूर्वी सिंहभूम में 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और वज्रपात की आशंका, DC ने जारी किया अलर्ट
शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय आना होगा
आदेश के मुताबिक, स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहेगी, लेकिन सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
अभिभावक मौसम की स्थिति पर रखें नजर
चक्रवात और भारी बारिश की चेतावनी के बीच अभिभावकों से अपील है कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और मौसम संबंधी आधिकारिक निर्देशों पर नजर रखें। विद्यालय प्रबंधन से भी छुट्टी और परीक्षा से संबंधित सूचना की पुष्टि कर लें।

