JAMSHEDPUR : पोटका प्रखंड के जुड़ी पंचायत अंतर्गत हाता दुर्गा पूजा कमेटी के ट्रस्टी सह सक्रिय सदस्य विश्वजीत पालित उर्फ काल्टू (49) का निधन रविवार को इलाज के दौरान टीएमएच, जमशेदपुर में हो गया। वह बीते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और अस्पताल में उनका उपचार जारी था। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दुर्गा पूजा कमेटी में निभाते थे अहम भूमिका
स्व. विश्वजीत पालित हाता विश्वकर्मा ट्रैक्टर के संचालक थे और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हाता दुर्गा पूजा कमेटी में वह लंबे समय से ट्रस्टी एवं सक्रिय सदस्य के रूप में जुड़े हुए थे और हर वर्ष पूजा आयोजन में उनकी भूमिका अहम रहती थी। उन्हें एक मिलनसार, सहयोगी और समाजसेवी व्यक्ति के रूप में जाना जाता था।
अंतिम दर्शन को उमड़ी भीड़, विधायक ने दी सांत्वना
उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार में उनकी मां, पत्नी और दो पुत्र हैं। पोटका विधायक संजीव सरदार ने उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।




