
जमशेदपुर: युवाओं को एचआईवी/एड्स (HIV/AIDS) के प्रति जागरूक करने और समाज में इस बीमारी से जुड़े भ्रम, भेदभाव और गलत धारणाओं को समाप्त करने के उद्देश्य से झारखंड राज्य युवा आयोग द्वारा रविवार, 5 जुलाई 2026 को एक विशाल जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। शहर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 22 किलोमीटर लंबी साइक्लोथोन (साइकिल रैली) का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कुमार गौरव और कुणाल षाडंगी ने दिखाई हरी झंडी
साइक्लोथोन का शुभारंभ झारखंड राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव और बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने समाज में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने, भेदभाव समाप्त करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। अध्यक्ष कुमार गौरव ने अपने संबोधन में कहा कि युवा समाज को दिशा देने वाला सबसे महत्वपूर्ण वर्ग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआईवी सामान्य संपर्क, साथ बैठने या हाथ मिलाने से नहीं फैलता, इसलिए संक्रमित व्यक्तियों के साथ कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने आयोग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि खेल और सामाजिक सरोकार का यह समन्वय युवाओं को सकारात्मक दिशा देगा। यह लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, आयोग के पूर्व सदस्य विशाल तिर्की ने कहा कि समय पर जांच और सही उपचार से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य और सम्मानजनक जीवन जी सकता है। जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने इसे निरंतर चलने वाली सामाजिक प्रक्रिया बताया।
विजेताओं को 11 हजार तक के नकद पुरस्कार से किया गया सम्मानित
22 किलोमीटर लंबी इस साइक्लोथोन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पुरुष वर्ग में सरजोम मुंडी ने प्रथम, सुंदर मुर्मू ने द्वितीय और राजेश महतो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में सबिता सरदार प्रथम, रिंकू सिंह द्वितीय और गुलंची बंदा तृतीय स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों के विजेताओं को क्रमशः 11,000 रुपये, 9,000 रुपये और 5,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: ‘Made in India’ सेमीकंडक्टर चिप लॉन्च की गवाह बनीं जमशेदपुर की तनीषा गौतम, पीएम मोदी से किया सीधा संवाद
प्रशासन और सामाजिक संगठनों का मिला सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में जमशेदपुर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अविष्कार फाउंडेशन की सराहनीय भूमिका रही। इस दौरान यातायात पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, टाटा स्टील के मैनेजर हसन इमाम मलिक, जिला खेल पदाधिकारी सच्चिदानंद महतो, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, रमण सिंह बंटी, संजीव रंजन सिंह, सोनू तिवारी और माईकल मिंज सहित कई गणमान्य लोग व खिलाड़ी उपस्थित रहे।



