
जमशेदपुर।
शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था अभया बनर्जी फाउंडेशन के तत्वावधान में टेल्को स्थित सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं बच्चों के लिए 12वीं वार्षिक खेलकूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्वाह्न 8:30 बजे समारोहपूर्वक हुआ।
मुख्य अतिथि का शुभकामना संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उज्जवल चक्रवर्ती, टाटा स्टील टिनप्लेट लिमिटेड जमशेदपुर के व्यावसायिक यूनिट के पदाधिकारी, ने दूरभाष के माध्यम से प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
झंडोतोलन के साथ विधिवत उद्घाटन
मौके पर उपस्थित अति विशिष्ट अतिथि, जमशेदपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष, समाजसेवी एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेड्स के राष्ट्रीय सचिव ने झंडोतोलन कर खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में दिव्यांग बच्चों, उनके अभिभावकों तथा इन बच्चों के सर्वांगीण विकास में लगे विद्यालयों एवं संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
READ MORE :Jamshedpur News :अखिल भारतीय गीता श्लोक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
खिलाड़ियों का परिचय व सम्मान
इसके उपरांत अतिथि ने विभिन्न विद्यालयों और संस्थाओं से आए दिव्यांग खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने भी बारी-बारी से विजेताओं को मेडल देकर प्रोत्साहित किया।
25 स्पर्धाओं में हुआ मुकाबला
आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में 25 मीटर, 50 मीटर, 75 मीटर, 100 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद, शॉट पुट, पासिंग द पार्सल, टेनिस बॉल थ्रो, सॉफ्टबॉल थ्रो सहित कुल 25 स्पर्धाओं का आयोजन चार श्रेणियों में किया गया। इसमें शहर के 10 स्कूलों एवं संस्थाओं से लगभग 120 दिव्यांग प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इन संस्थाओं ने लिया भाग
प्रतियोगिता में मुख्य रूप से आशा किरण विद्यालय (टेल्को), स्कूल ऑफ होप, एस्पायर, सिद्धेश्वर डेफ एंड डंब स्कूल, स्टार्ट, नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड, पाथ, डीपीएस चाईबासा, ज्ञानोदय नोबल एकेडमी, दिव्या ज्योति नेत्रहीन विद्यालय सहित अन्य संस्थाओं के बच्चों ने भागीदारी निभाई।
सफल आयोजन में टीम का योगदान
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. जोहर बनर्जी ने अतिथियों का स्वागत किया। खेल उद्घोषक श्याम शर्मा ने प्रतियोगिता का संचालन किया। तकनीकी अधिकारी एस.के. शर्मा एवं सुबोल चटर्जी के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। धन्यवाद ज्ञापन फाउंडेशन के वरीय सदस्य उत्तम मिश्रा ने किया।
आशा किरण व सिद्धेश्वरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में सर्वाधिक पुरस्कार टेल्को स्थित आशा किरण स्कूल एवं सिद्धेश्वरी डेफ एंड डंब स्कूल के प्रतिभागियों ने जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।








