
जमशेदपुर। डी.बी.एम.एस. (DBMS) कदमा हाई स्कूल में 19 जून 2026 को सी.बी.एस.ई. कक्षा 10वीं और 12वीं (सत्र 2025–26) की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के ‘कलाकृति’ सभागार में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित कर उन्हें उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों के लिए प्रेरित करना था।

READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: कक्षा से उद्योग तक ज्ञान का सफर, BTTD-2026 का औद्योगिक भ्रमण के साथ शानदार समापन
10वीं और 12वीं के टॉपर्स को मिला चांदी का मेडल और सिक्का
समारोह में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 15 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी असाधारण उपलब्धि के लिए 35 ग्राम के चांदी के मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 85% से अधिक अंक लाने वाले 32 विद्यार्थियों को 20 ग्राम के चांदी के सिक्के और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
इसी तरह, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 4 विद्यार्थियों को 35 ग्राम के चांदी के मेडल और 85% से अधिक अंक लाने वाले 5 विद्यार्थियों को 20 ग्राम के चांदी के सिक्के दिए गए। इसके अलावा, दोनों कक्षाओं में प्रत्येक विषय में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विशेष नकद पुरस्कार देकर उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता का अभिनंदन किया गया।
सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे विद्यार्थी
इस वर्ष विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में पिछले वर्ष की तुलना में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, जो यह सिद्ध करता है कि दृढ़ संकल्प और सतत परिश्रम से सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की प्रेसिडेंट एवं चेयरपर्सन (प्रशासन) ललिता चंद्रशेखर, चेयरपर्सन (फाइनेंस) डॉ. बी. चंद्रशेखर, सचिव अनीता रामकृष्णा, संयुक्त सचिव उषा मालिनी, संयुक्त कोषाध्यक्ष पी. एस. अरुणा, प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा, सीनियर विभाग की उप-प्रधानाचार्या सुपर्णा राय और जूनियर विभाग की उप-प्रधानाचार्या एस. शिरीन समेत कई शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित थे।
अनुशासन और दृढ़ संकल्प है सफलता की कुंजी
विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरपर्सन (फाइनेंस) डॉ. बी. चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सम्मानित होने वाले ये विद्यार्थी केवल अपनी सफलता का उत्सव नहीं मना रहे हैं, बल्कि वे परिश्रम और दृढ़ संकल्प की उस प्रेरक यात्रा का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो हर छात्र को उत्कृष्टता की ओर ले जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्र अपने ज्ञान और मूल्यों से राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
प्रधानाचार्या गुरप्रीत भामरा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सफलता केवल अंक प्राप्त करने में नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, विनम्र रहने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने में निहित है। सभी गणमान्य अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धियां विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का सशक्त प्रमाण हैं।

