
जमशेदपुर (Jamshedpur): लौहनगरी जमशेदपुर के बिरसानगर क्षेत्र में इन दिनों भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। बिरसानगर के जोन नंबर 3 ई (प्रधान कॉलोनी) स्थित नवनिर्मित “श्री श्री सार्वजनिक शिव दुर्गा हनुमान मंदिर” में विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य महोत्सव पूरे हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया है। मंदिर आयोजन समिति द्वारा इस तीन दिवसीय धार्मिक महायज्ञ और महोत्सव में पूरे जमशेदपुर के श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस मंगलकारी अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य के भागीदार बन सकें।
कलश यात्रा के साथ हुआ धार्मिक अनुष्ठान का श्रीगणेश
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत सोमवार, 11 मई 2026 को एक भव्य और विशाल कलश यात्रा के साथ हुई। इस पवित्र कलश यात्रा में क्षेत्र की सैंकड़ों महिलाओं और कन्याओं ने माथे पर मंगल कलश धारण कर पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। वैदिक मंत्रोच्चार और देवी-देवताओं के जयकारों से पूरा बिरसानगर गुंजायमान हो उठा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा
मंदिर आयोजन समिति ने इस पूरे अनुष्ठान को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रूपरेखा तैयार की है:
11 मई 2026 (सोमवार): पवित्र जल से कलश यात्रा का सफल आयोजन।
12 मई 2026 (मंगलवार): सुबह बेदी पूजा का विधान एवं शाम 6:00 बजे से सुमधुर ‘भव्य भजन संध्या’।
13 मई 2026 (बुधवार): भगवान का भव्य नगर भ्रमण एवं विधिवत ‘प्राण प्रतिष्ठा’।
भजन संध्या और प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ेगा आस्था का जनसैलाब
मंगलवार शाम 6 बजे से आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की अमृत वर्षा की जाएगी, जिसमें श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आएंगे। वहीं, महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार, 13 मई को मूर्तियों के नगर भ्रमण के पश्चात पूरे विधि-विधान और प्रतिष्ठित पुजारी जितेन्द्र मिश्रा के दिशा-निर्देशन में भगवान शिव, मां दुर्गा और वीर हनुमान जी के विग्रहों की वेदी पर प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
READ MORE :Railway News: आसनसोल मंडल में मेगा ब्लॉक, टाटानगर-बक्सर, वंदे भारत और इंटरसिटी समेत कई ट्रेनें रद्द व लेट; देखें लिस्ट
आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटी पूरी समिति
इस पूरे धार्मिक आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए मंदिर आयोजन समिति के सभी सदस्य दिन-रात एक कर रहे हैं। इस पुनीत कार्य में मुख्य रूप से संरक्षक ईसान प्रधान, अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, मुख्य सलाहकार शैलेश कुमार शास्त्री, ददन सिंह व दिलीप प्रधान अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा उपाध्यक्ष लखन साहू व लायक बाबू, महामंत्री मुन्ना श्रीवास्तव, मंत्री रविन्द्र मिश्रा व सुरेन्द्र राय, कोषाध्यक्ष संतोष पाण्डेय व मुन्ना प्रसाद, और मीडिया प्रभारी भुवनेश्वर तुरी एवं शीतल तुरी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं। समिति ने सभी शहरवासियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर प्रधान कॉलोनी (जोन नं. 3 ई) पहुंचकर भगवान का दर्शन और प्रसाद ग्रहण करें।



