जमशेदपुर। आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इस उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
इसी कड़ी में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने गुरुवार को मुसाबनी प्रखंड के माटिगोडा, मुर्गाघुटू, उत्तरी ईंचड़ा और दक्षिणी ईंचड़ा पंचायतों के ज़ोनल प्रभारियों और पंचायत पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान को और तेज़ करने तथा मतदाताओं तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
कुणाल षाड़ंगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने पिछले वर्षों में आदिवासी, किसान, मजदूर और युवाओं के हित में कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में विकास और सामाजिक न्याय की नई दिशा मिली है। अब समय है कि जनता एक बार फिर महागठबंधन पर भरोसा जताए और सोमेश चंद्र सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाए।
बैठक में उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि घाटशिला उपचुनाव सिर्फ एक सीट की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह जनता बनाम झूठी राजनीति की जंग है। उन्होंने भरोसा जताया कि झामुमो और महागठबंधन एकजुटता के साथ मैदान में उतरेंगे और इस उपचुनाव में निर्णायक जीत हासिल करेंगे।
बैठक में स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई — जिसमें शिक्षा, सड़क, सिंचाई, बिजली और रोजगार से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। कुणाल षाड़ंगी ने सभी से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों और हेमंत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने यह संकल्प लिया कि वे घाटशिला उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को रिकॉर्ड मतों से जिताने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

