
जमशेदपुर।
सिविल सर्जन पूर्वी सिंहभूम डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर बाढ़ की आशंका को देखते हुए अंत्योदय ओल्ड एज होम एवं अस्पताल से हिंद कुष्ठ अस्पताल, बर्मामाइंस में शिफ्ट किए गए कुल 65 कुष्ठ रोगियों का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 35 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं।

जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो द्वारा सभी रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें दवाइयां एवं जरूरी परामर्श प्रदान किया गया। मरीजों को बारिश से बचाव, सेल्फ केयर, गर्म वस्तुओं से दूरी, एवं गर्म पानी से स्नान नहीं करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
डॉ. राजीव ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत 1 अप्रैल 2025 से नये खोजे गए कुष्ठ मरीजों को “Food Supplements for Patients” योजना के अंतर्गत हर महीने ₹500 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जा रही है।
पीबी मरीजों को कुल ₹3000
एमबी मरीजों को कुल ₹6000 की सहायता दी जा रही है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डॉ. राजीव लोचन, सुलोचना मुखी एवं निमाई मंडल की सक्रिय भागीदारी रही, जिनके प्रति मरीजों ने आभार प्रकट किया।

