
जमशेदपुर.
अगर सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो सिख कौम के पंथ प्रसिद्ध विद्वान व विश्व प्रसिद्ध गुरमत प्रचारक रंजीत सिंह ढडरियां वाले जमशेदपुर की संगत के दर्शन करेंगे। पंजाब प्रवास के दौरान बीते दिनी सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने उनसे विशेष मुलाकात की। इस दौरान जमशेदपुर की समूह नानक नाम लेवा संगत की भावनाओं को उन तक पहुंचाया गया। भगवान सिंह ने उन्हें 2027 जनवरी-फरवरी के दौरान
जमशेदपुर में गुरमत समागम करने की अपील की। तब भाई रंजीत सिंह ढाडरियां वाले ने भगवान सिंह के माध्यम से संगत की इस अपील को बहुत ही प्यार और सत्कार से स्वीकार करते हुए भरोसा दिया कि जमशेदपुर की संगत को निराश नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने सहयोगियों के इस बाबत तत्काल कार्यक्रम नोट करवाया और आपसी संपर्क बनाये रखने के लिए दूरभाष नंबर भी सांझे किए। ज्ञानी रंजीत सिंह ने भगवान सिंह से कहा कि
समागम की तारीख निर्धारित होते ही लगभग दो महीने पहले सीजीपीसी को सूचित कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि भाई रंजीत सिंह ढडरियां वाले पिछले कई सालों से गुरवाणी आधारित विचारधारा, नौजवानों को नशे और अंधविश्वासों से दूर रहने का संदेश, गुरु साहिबों की शिक्षा अनुसार जीवन जीने की प्रेरणा एवं सामाजिक
जागरूकता के विषय को बड़े पैमाने पर देश-विदेशों में प्रचार प्रसार कर रहे हैं। उनके गुरमत समागमों में बड़ी संख्या में संगत हाजरी लगाती है, लेकिन खासकर सिख नौजवान वर्ग उनके गुरमत विचारों से जुड़ रहा है।
सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह और उनके प्रतिनिधियों ने इस मुलाकात को बहुत ही सफल और उत्साह जनक बताते आशा प्रकट की, कि आने वाले समय में जमशेदपुर की सिख संगत को भी भाई साहेब रंजीत सिंह
ढाडरियां वाले के गुरमत विचार सुनने का सौभाग्य प्राप्त होगा।


