
जमशेदपुर.


मानवता की सेवा का दूसरा नाम रेड क्रॉस सोसाईटी है और पूर्वी सिंहभूम शाखा इसकी एक मिसाल है. आज रक्तदान के लिए हम सभी यहां जुटे हैं और इसे अभियान बनाने के पीछे भी रेड क्रॉस की बड़ी भूमिका है. उक्त विचार एहसिन फाउण्डेशन के चेयरमैन व जाने माने समाजसेवी आसिफ महमूद ने रेड क्रॉस भवन में एहसिन फाउण्डेशन के सहयोग से उनके पिता स्व. शफायत हुसैन की याद में आयोजित रक्तदान शिविर के उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किया. रक्तदान शिविर का उद्घाटन दीप जलाकर आसिफ महमूद, रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, धतकीडीह मस्जिद के इमाम अमीरूल हसन, हाफिज अनवर आलम, एहसिन इन्टरनेशनल स्कूल की प्रिन्सिपल डॉ. अर्चना द्विवेदी, डॉ. जरीना खान, ह्युमन वेल्फेयर ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान, समान आसिफ, नासिर खान मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी और करीमिया स्कूल के असदुल्लाह ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यक्रम में पत्रकार अन्नी अमृता, खबर मंत्र के स्थानीय प्रमुख सत्येन्द्र कुमार, रेड क्रॉस के वाईस पेट्रन डी. के. घोष, समाजसेवी बीएनपी गुप्ता, रेड क्रॉस कार्यकर्ता अशोक सिंह, राधेश्याम कुमार, गीता सिंह, शान्ता अधिकारी और जमशेदपुर ब्लड सेन्टर के चिकित्सक डॉ. एल.बी. सिंह के नेतृत्व में तकनीशियन खास तौर पर मौजूद थे. रेड क्रॉस भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का स्वागत रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने किया. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के 199वें बैच के प्रशिक्षणार्थियों ने रक्तदाताओं के साथ इस शिविर में रक्तदान किया. इस अवसर पर कुल 102 यूनिट रक्तदान हुआ. रक्तदान शिविर के उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन ह्युमन वेल्फेयर ट्रस्ट के सचिव मुख्तार आलम खान ने किया.




