
जमशेदपुर:

राष्ट्रव्यापी महापर्व मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सोनारी स्थित दोमुहानी संगम घाट पर आयोजित दो दिवसीय दोमुहानी संगम महोत्सव 2026 भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया। हिन्दू उत्सव समिति और उम्मीद – एक अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।
इस अवसर पर जमशेदपुरवासियों को बनारस और हरिद्वार की तर्ज पर माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती का दिव्य दर्शन प्राप्त हुआ, जो पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
दोपहर से शुरू हुआ सांस्कृतिक उल्लास
महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 12 बजे विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ हुआ। आयोजन के अंतर्गत मेहंदी प्रतियोगिता में 125 प्रतिभागियों और चित्रांकन प्रतियोगिता में 150 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों और युवाओं की रचनात्मकता ने पूरे संगम क्षेत्र को उत्सवमय वातावरण से भर दिया।
READ MORE :Jamshedpur News :नदियों का संरक्षण नहीं किया तो भारी कीमत चुकानी पड़ेगीःसरयू राय
जन संध्या में डूबा संगम क्षेत्र
प्रतियोगिताओं के पश्चात प्रसिद्ध भजन गायक सोनू दुलरूवा एवं देवेन्द्र पाण्डेय की टीम ने भजन संध्या प्रस्तुत की। भक्ति रस से सराबोर भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरे संगम क्षेत्र में भक्ति और आस्था की गूंज सुनाई देती रही।
माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती
संध्या बेला में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में माँ स्वर्णरेखा की भव्य आरती संपन्न हुई। दीपों की रौशनी, हर-हर गंगे के जयघोष और श्रद्धा से भरे वातावरण ने दोमुहानी संगम घाट को अलौकिक और दिव्य स्वरूप प्रदान किया।
51 हजार दीपकों से जगमगाया संगम
आयोजन का विशेष आकर्षण संगम तट पर 51,000 दीपकों का प्रज्वलन रहा। दीपमालिका से आलोकित संगम स्थल आध्यात्मिक सौंदर्य का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा था, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु देर रात तक उपस्थित रहे।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, विशेष अतिथि सांसद विद्युत महतो, मुख्य वक्ता एवं स्थानीय विधायक सरयू राय, तथा विशिष्ट अतिथि विधायक पूर्णिमा दास साहू उपस्थित रहीं। इनके साथ कई समाजसेवी, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन समिति की अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल संचालन में हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, प्रवक्ता सुखदेव सिंह, संरक्षक शिवशंकर सिंह, शंकर रेड्डी तथा उम्मीद एक अभियान से जुड़े अमरनाथ सिंह, हेमंत सिंह, अविषेक जी सहित कई कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।





