जमशेदपुर : जिला प्रशासन के उपयुक्त कार्यालय में उपायुक्त अन्नयन मितल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हवाई हमले की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों को लेकर मॉक ड्रिल की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में शहरवासियों को इस तरह की आपदा के समय सतर्कता और बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने अपनी तैयारियों का ब्यौरा दिया। टीम ने बताया कि रेलवे स्टेशन, लाल बिल्डिंग चौक बाजार और एलबीएस कॉलेज के छात्र-छात्राओं के बीच मॉक ड्रिल का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। इस दौरान हवाई हमले के दौरान आवश्यक विभिन्न कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर प्रदर्शन किया जाएगा।
डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने जानकारी दी कि युद्धकालीन आपदा की स्थिति में सिविल डिफेंस देश की चौथी सेना के रूप में कार्य करता है। उन्होंने बताया कि हवाई हमले के दौरान सिविल डिफेंस का कार्य नागरिकों का मनोबल बनाए रखना, शत्रु द्वारा फैलाए जाने वाले अफवाहों से बचाना, छोटी आग को बड़ी आग में बदलने से पहले ही काबू पाना और घायलों को प्राथमिक चिकित्सा देकर अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाना है। साथ ही, हमले के कारण बाधित राजमार्गों और सड़कों को पुनः चालू करने में भी सिविल डिफेंस अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम इन सभी जिम्मेदारियों के लिए पूरी तरह तैयार है।
बैठक में एसएसपी किशोर कौशल, रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंघल, डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार समेत सभी जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।





