
जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के आह्वान पर टाटानगर मंडल कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में गाड़ीवानपट्टी किताडीह में एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मुन्ना मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे मौजूद थे।
सभा के आरंभ में जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे और प्रखंड पर्यवेक्षक अखिलेश सिंह यादव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
सभा को संबोधित करते हुए आनंद बिहारी दुबे ने कहा, “संविधान की रक्षा ही भारत की रक्षा है, इसे मिटने नहीं देंगे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भारत के संविधान में लगातार बदलाव की कोशिश कर रही है। आम जनता से 400 सीटें मांगकर सत्ता हासिल करने का प्रयास हुआ, लेकिन जनता ने भाजपा के मंसूबों पर रोक लगा दी।
उन्होंने कहा कि बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह संविधान सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार देता है।
दुबे ने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और सरकारी उपक्रमों के निजीकरण का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। साथ ही रेलवे में तीन लाख से अधिक रिक्तियों को रोके जाने और युवाओं को रोजगार न मिलने पर भी कड़ी आपत्ति जताई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड पर्यवेक्षक अखिलेश सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी भयावह रूप ले चुकी है। मंडल पर्यवेक्षक सुरज मुंडा ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है, वहीं प्रदेश सचिव खगेनचंद्र महतो ने कहा कि भाजपा राज में चिकित्सा और शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाएं भी आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
सभा के दौरान कांग्रेस पार्टी में कई नए लोगों ने, जिनमें मौसमी समेत अन्य शामिल थे, सदस्यता ग्रहण की और कांग्रेस के साथ चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे, जिनमें संजय सिंह आजाद, नारायण डे, अपर्णा गुहा, नलिनी सिन्हा, अमर मिश्र, अंकुश बनर्जी, सुल्तान अहमद, कमालुद्दीन, राजेश पात्रो, राजेश साह, मो. हाफिज, अजय सिंह, सुनीता तिर्की सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम जनता शामिल थी।