जमशेदपुर.
वर्ल्ड रेडियो डे के अवसर पर कदमा में चिन्मय महतो के नेतृत्व में गाइड इंटरनैशनल रेडियो लिस्नर क्लब की ओर से एक खास कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस दौरान एक रेडियो प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पिछले कई दशकों के रेडियो के मॉडल शामिल थे. चिन्मय महतो के पास पुराने से लेकर नए जमाने के रेडियो का अनोखा संग्रह है. कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सबिता महतो ने किया.
रेडियो से जुड़े सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस विशेष कार्यक्रम में चिन्मय महतो ने रेडियो की ऐतिहासिक यात्रा, उसकी विश्वसनीयता और आज के डिजिटल दौर में भी उसकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि रेडियो आज भी आम लोगों की आवाज़ बनने का सबसे सशक्त माध्यम है, जो सूचना, शिक्षा और जागरूकता के साथ समाज को जोड़ता है.
इस अवसर पर युवाओं और श्रोताओं को रेडियो से जुड़ने, सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और सकारात्मक बदलाव के लिए इस माध्यम के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में स्थानीय श्रोताओं, मीडिया से जुड़े लोगों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली.




