जमशेदपुर.
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन आज उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही संपन्न हो गया. लौहनगरी जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में अहले सुबह से ही नदी घाटों और तालाबों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा.
सुवर्णरेखा और खरकई नदियों के विभिन्न घाटों, जैसे दोमुहानी, मानगो, साकची, बड़ौदा घाट, और आदित्यपुर के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों ने कमर भर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर के उगने का इंतजार किया. जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया. इसके साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का पारण भी किया गया.
पूरे शहर और आदित्यपुर के घाटों पर छठ मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. घाटों पर सुरक्षा और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. जिला प्रशासन, पुलिस बल और विभिन्न सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवक मुस्तैदी से तैनात रहे. अर्घ्य के बाद श्रद्धालुओं के बीच ठेकुआ और अन्य प्रसाद का वितरण किया गया.


