
जमशेदपुर।
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और टाटा स्टील के प्रोक्योरमेंट विभाग के बीच आयोजित होने वाली त्रैमासिक बैठक ट्यूब मेकर्स क्लब, नीलडीह परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में सिंहभूम चैम्बर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्थानीय वेंडरों और उद्यमियों को आ रही विभिन्न समस्याओं को प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।


स्थानीय वेंडरों को प्राथमिकता का मुद्दा उठा
बैठक के दौरान चैम्बर प्रतिनिधियों ने टाटा स्टील में स्थानीय व्यवसायियों एवं उद्यमियों को प्राथमिकता दिए जाने के मुद्दे को एक बार फिर प्रमुखता से उठाया। इस पर टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों ने चैम्बर की मांगों एवं सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि स्थानीय वेंडर टाटा स्टील की प्राथमिकता सूची में पहले भी थे और आगे भी रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि आपसी संवाद और समन्वय से समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बैठक के बाद सौहार्दपूर्ण क्रिकेट मैच
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि बैठक के पश्चात टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग की पहल पर उसी दिन ट्यूब मेकर्स क्लब में 15-15 ओवरों का एक सौहार्दपूर्ण ‘फ्रेंडली पार्टनरशिप क्रिकेट मैच’ आयोजित किया गया। यह मैच उत्साह, खेल भावना और आपसी भाईचारे के वातावरण में खेला गया।
रोमांचक मुकाबले में चैम्बर टीम विजेता
मैच के दौरान सिंहभूम चैम्बर एवं प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारियों और सदस्यों ने पूरे जोश के साथ मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले के बाद सिंहभूम चैम्बर की टीम विजेता बनी और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिलाड़ियों और दर्शकों ने एक-दूसरे का उत्साहवर्धन कर खेल को यादगार बना दिया।
आयोजन का श्रेय रंजन कुमार सिन्हा को
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि इस अनूठे आयोजन का श्रेय टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग के चीफ अधिकारी रंजन कुमार सिन्हा को जाता है, जिन्होंने चैम्बर के समक्ष इस प्रकार के मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का प्रस्ताव रखा। चैम्बर ने इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार किया, जिसके परिणामस्वरूप यह सफल आयोजन संभव हो सका।
भविष्य में भी होंगे ऐसे आयोजन
प्रोक्योरमेंट विभाग और सिंहभूम चैम्बर की आपसी सहमति से यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी इस तरह के सौहार्दपूर्ण क्रिकेट मैच और अनौपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आपसी संबंधों, सहयोग और विश्वास को और अधिक मजबूत किया जा सके।
कई पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाले, सचिव भरत मकानी, बिनोद शर्मा, अंशुल रिंगसिया, सुरेश शर्मा लिपु, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया सहित चैम्बर के कई सदस्य तथा टाटा स्टील प्रोक्योरमेंट विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


