
जमशेदपुर ।

श्री श्री महाप्रभु जगन्नाथ जी की पावन रथ यात्रा-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस भव्य धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति ने सोमवार को जिला प्रशासन से मुलाकात की। समिति के महासचिव ललन यादव और कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनकर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिले के उपायुक्त (DC) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रशासन से आग्रह किया गया है कि आगामी 16 जुलाई 2026 से 23 जुलाई 2026 तक जमशेदपुर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाली इस रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
ज्ञापन में रखी गई 7 प्रमुख मांगें:
समिति ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की है:
सुरक्षा व्यवस्था: यात्रा अवधि के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस, यातायात पुलिस और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए।
यातायात प्रबंधन: खासमहल मंदिर से निकलने वाली मुख्य रथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए टाटा-चाईबासा मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन की सुचारु व्यवस्था हो।
चिकित्सा सुविधा: टाटानगर, जुगसलाई, बिष्टुपुर और साकची चौक सहित प्रमुख स्थलों पर डॉक्टर, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की 24 घंटे व्यवस्था रहे।
विद्युत एवं पेयजल: रथ यात्रा मार्ग में निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वच्छता अभियान: संक्रामक रोगों से बचाव के लिए रथ मार्ग, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर एवं कीटनाशकों का छिड़काव किया जाए।
पूर्ण शराबबंदी: यात्रा के एक दिन पूर्व से लेकर समापन तक संबंधित क्षेत्रों में शराब की बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
शांति समिति की बैठक: वर्ष 2025 में हाड़तोपा पुलिया पर हुई घटना को देखते हुए, रथ यात्रा से पूर्व पोटका और सुंदरनगर थाना प्रशासन एवं शांति समिति की संयुक्त बैठक कर ठोस सुरक्षा रणनीति तैयार की जाए।
READ MORE :DEOGHAR NEWS: श्रावणी मेला 2026 में नहीं टूटेगा मोबाइल नेटवर्क, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगी समिति
ज्ञापन सौंपने के बाद समिति के महासचिव ललन यादव ने कहा, “पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगी। हमारा मुख्य उद्देश्य है कि हजारों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के रथ यात्रा में शामिल हों और यह पूरा आयोजन सौहार्द एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हो।”
इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर, महासचिव ललन यादव, वरीय उपाध्यक्ष बलदेव सिंह मेहरा, पवन कुमार उपाध्याय एवं संयुक्त सचिव एसके शर्मा उपस्थित थे।


