जमशेदपुर.
SCCN (एससीसीएन) के संस्थापक दिवंगत मोहन सिंह की पुण्य स्मृति में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम मानव सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को समर्पित रहा.
शिविर की शुरुआत स्व. मोहन सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. साथ ही मौजूद अतिथियों विधायक सरयू राय, अरुण सिंह, रामनाथ, अन्नी अमृता, सुबोध श्रीवास्तव और प्रशांत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
अतिथियों ने दिवंगत योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता और सामाजिक सेवा के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया.
आयोजक प्रशांत सिंह ‘पुतुल’ ने कहा,
“इस प्रकार के रक्तदान शिविर न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं. भारत में रक्तदान शिविरों के माध्यम से ही बड़ी मात्रा में रक्त एकत्र किया जाता है, जिससे अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने में मदद मिलती है.
शिविर में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की देखरेख में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया. रेेड क्राॅस के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी दिवंगत मोहन सिंह की स्मृति में हर साल आयोजित होने वाले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते रहे हैं. इस बार के शिविर में 106 यूनिट रक्त संग्रह किया गया.
इस रक्तदान शिविर में विधायक पूर्णिमा साहू, डीएफओ सबा आलम, समाज सेवी शिवशंकर सिंह, पूर्वी घोष, मानवाधिकार कार्यकर्ता जवाहरलाल शर्मा, अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू, अधिवक्ता बबीता, अमित सिंह, विजय खान व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित हुए.
READ MORE :Adityapur News :NIT Jamshedpur में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘InnovEST-2026’ का शानदार समापन, सतत विकास और इंजीनियरिंग नवाचार पर हुआ मंथन
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया.





