
jamshedpur
जिला और राज्य स्तरीय अधिकारियों ने दिए निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision)-2026 कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर टाउन हॉल, सिदगोड़ा एवं आरवीएस स्कूल, डिमना में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, प्रक्रियाओं एवं पुनरीक्षण कार्य की महत्ता की जानकारी दी और अभियान के सफल संचालन के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

Voter List Correction: मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मियों को घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करने, निर्धारित प्रपत्रों का सही तरीके से संधारण करने तथा सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
READ MORE..Aaj ka RASIFAL:22 जून 2026 सोमवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
BLO Door to Door Verification: 30 जून से शुरू होगा घर-घर सत्यापन अभियान
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना प्राथमिक जिम्मेदारी है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक बीएलओ को अपने मतदान क्षेत्र के सभी परिवारों तक पहुंचकर मतदाता विवरण का सत्यापन सुनिश्चित करना होगा। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाए जाएंगे तथा आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल में मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 200 विद्यार्थियों ने लिया ‘योग से निरोग’ रहने का संकल्प
ECINET Online Entry: ऑनलाइन प्रविष्टि और दावों का होगा निष्पादन
प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के निर्धारित कार्यक्रम, गणना प्रपत्र भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन, दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन, और ईसीआईनेट (ECINET) के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत तकनीकी जानकारी दी गई। इस अवसर पर ईआरओ सह एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), मास्टर ट्रेनर और बीएलओ पर्यवेक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


