जमशेदपुर : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की कड़ी निंदा की है।
नंदजी प्रसाद ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिसके कारण इस तरह की जघन्य घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आगामी 3 अप्रैल को झारखंड बंद का समर्थन किया जाएगा। इस दौरान जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ता आम जनता के साथ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और बंद को सफल बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि हजारीबाग की इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार के अपराधों की पुनरावृत्ति न हो।
नंदजी प्रसाद ने हाईकोर्ट द्वारा इस मामले में स्वतः संज्ञान लिए जाने को स्वागतयोग्य कदम बताया। उन्होंने जमशेदपुर की जनता से अपील की कि वे 3 अप्रैल के झारखंड बंद को सफल बनाने में सहयोग करें और महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा के मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाएं।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए आगे आए और राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ मजबूती से खड़ी हो।



