
जमशेदपुर:
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग की टीम द्वारा अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह स्थित सकरी गलियों वाली हरिजन बस्ती में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। यहां लंबे समय से अवैध शराब बिक्री के लिए कुख्यात अभियुक्त मुन्ना घोष के ठिकानों पर कार्रवाई की गई।
भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद
छापेमारी के दौरान मुन्ना घोष की अवैध शराब बिक्री दुकान एवं मदिरा संचय स्थल से भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
जब्ती विवरण:
10 बड़े प्लास्टिक थैलों में भरा – 200 लीटर
06 प्लास्टिक जरकिनों में भरा – 210 लीटर
01 ट्यूब में भरा – 30 लीटर
01 गोल प्लास्टिक जरकिन में भरा स्पिरिट – 20 लीटर
👉 इस प्रकार कुल 440 लीटर अवैध चुलाई शराब एवं 20 लीटर स्पिरिट जब्त किया गया।
आरोपी फरार
छापेमारी के दौरान आरोपी मुन्ना घोष तंग गलियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उत्पाद विभाग ने उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासन सख्त
अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


