
जमशेदपुर। राज्य के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता ने दावा किया है कि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन ने जनता की निष्ठा और सेवा भावना से जो मिसाल कायम की, उसी राह पर उनके पुत्र भी चल रहे हैं और निश्चित रूप से जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।


सोमवार को जमशेदपुर के कदमा स्थित अपने आवास में पीटीआई से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने राज्यवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पर्व लोगों में भाईचारा और एकता की भावना भी बढ़ाएगा।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता और परिवार के साथ सादगीपूर्ण ढंग से दीपावली मनाई। उन्होंने सबसे पहले घर में माता लक्ष्मी और गणपति की पूजा-अर्चना की, इसके बाद घर और आवास परिसर में दीप प्रज्वलित किए। पूरे वातावरण में भक्ति और उत्सव की झलक देखने को मिली।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि राज्य के सभी नागरिक खुशहाल, स्वस्थ और समृद्ध रहें।
हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्होंने परिवार संग दीपावली का पर्व मनाया और अपने समर्थकों तथा शुभचिंतकों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं साझा कीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों का समर्थन करें ताकि “वोकल फॉर लोकल” की भावना को बल मिले।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :रघुवर दास ने परिवार संग सादगीपूर्ण ढंग से मनाई दीपावली

