
जमशेदपुर: कोल्हान क्षेत्र के उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फिक्की (FICCI) के सहयोग से एक बड़ी पहल की है। यूएई (UAE) की शारजाह सरकार के शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री (SAIF) जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमशेदपुर के उद्यमियों की दो दिवसीय विशेष बी2बी (B2B) बिजनेस मीटिंग का आयोजन किया गया। गोलमुरी स्थित होटल विवांता में 9 और 10 जुलाई को हुई इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।

60 मिनट में कंपनी रजिस्ट्रेशन और शून्य टैक्स की सुविधा
बैठक के दौरान SAIF जोन के अधिकारियों, अली अल मुतावा और शोएब इब्राहिम खतीब ने भारतीय उद्यमियों को शारजाह में व्यापार स्थापित करने की आकर्षक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वहां औद्योगिक भूखंड, आधुनिक वेयरहाउस, श्रमिक आवास के साथ-साथ शून्य कस्टम ड्यूटी और शून्य टैक्स की व्यवस्था उपलब्ध है। सबसे बड़ी बात यह है कि निवेशकों को मात्र 60 मिनट में कंपनी पंजीकरण, रेजिडेंट वीजा और स्थानीय बैंक खाता खोलने की विशेष सुविधा मिलती है।
जमशेदपुर में SAIF जोन का पांचवां दौरा
अधिकारियों ने बताया कि उनका संगठन पिछले 30 वर्षों से सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है। यह जमशेदपुर में उनका पांचवां दौरा है, जो कोल्हान क्षेत्र की व्यावसायिक संभावनाओं में उनकी गहरी रुचि को दर्शाता है। वर्तमान में SAIF जोन में करीब 8,500 कंपनियाँ काम कर रही हैं, जिनमें 60 प्रतिशत हिस्सेदारी भारतीय उद्यमियों की है। बैठक में फिक्की की ओर से सेजल सिंह भी मौजूद रहीं।
READ MORE :RANCHI NEWS :जेन-जी और छोटे शहरों के ग्राहकों ने बदली फूड कॉमर्स की तस्वीर, फ्लिपकार्ट की फूड कैटेगरी 50 प्रतिशत बढ़ी
कोल्हान के उद्यमियों के लिए वैश्विक विस्तार का शानदार मौका
सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केड़िया ने इस आयोजन को स्थानीय उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने का बेहतरीन अवसर बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि शारजाह सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों का लाभ उठाकर क्षेत्र के कारोबारी मध्य-पूर्व में अपने व्यवसाय का सफल विस्तार कर सकेंगे और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में चैंबर के कोषाध्यक्ष अनिल रिंगासिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी, उपाध्यक्ष (कराधान एवं वित्त) राजीव अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य पंकज पटेल, कमल लाढ़ा और बजरंग अग्रवाल उपस्थित रहे। चैंबर ने भविष्य में भी ऐसे अंतरराष्ट्रीय संवाद आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।


