जमशेदपुर।
लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का समापन रविवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। इस दौरान पूरे जमशेदपुर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वहीं, सोनारी वेस्ट लेआउट में स्थित आधुनिक पावर के वाइस प्रेसिडेंट राजेश कुमार शर्मा के आवास प्रांगण में इस वर्ष छठ व्रत को लेकर विशेष तैयारी की गई थी।
राजेश कुमार शर्मा के आवास परिसर में सुंदर कृत्रिम छठ घाट का निर्माण किया गया था, जहाँ व्रतधारियों ने डुबकी लगाकर सूर्यदेव की उपासना और छठी मैया की आराधना की। घाट परिसर को पारंपरिक साज-सज्जा, केले के पत्तों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बन गया था।
शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को और सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में पूजा अर्चना करती नजर आईं। पूरे आयोजन के दौरान छठ के गीतों और भजनों से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर समाजसेवी सह व्यवसायी रुपेश शर्मा, वैश्य एकता मंच के प्रदेश महासचिव श्रीकांत देव और व्यवसायी जोगिंदर सिंह ने संध्या और प्रातःकालीन दोनों अर्घ्य में भाग लिया। उन्होंने भगवान भास्कर से देश और प्रदेश के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की मंगल कामना की।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :चाईबासा में हुए लाठी चार्ज के खिलाफ चम्पाई सोरेन ने कल कोल्हान बंद का आह्वान किया
राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक है। यह पर्व हमें सूर्य के माध्यम से ऊर्जा, प्रकाश और सकारात्मकता की प्रेरणा देता है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई थीं। जलकुंड की सफाई, सुरक्षा और रोशनी के साथ-साथ प्रसाद वितरण की उत्तम व्यवस्था से श्रद्धालु प्रसन्न दिखे।
आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का यह संगम सोनारी वेस्ट लेआउट में एक प्रेरक उदाहरण बना, जहाँ घरों और परिवारों में छठ मइया की जयघोष गूंजती रही और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।





