
जमशेदपुर, 23 सितंबर
काशीडीह स्थित दुर्गा पूजा मैदान में ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब द्वारा आयोजित होने वाले श्रीश्री दुर्गा पूजा महोत्सव सह मेला 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी को लेकर मंगलवार को पूजा मैदान में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संरक्षक श्री अभय सिंह ने की।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि इस वर्ष का पूजा पंडाल तीन खंडों में विभाजित रहेगा।
पहले खंड में नवरात्रि के डांडिया नृत्य का मनमोहक दृश्य, दूसरे खंड में भगवान श्रीकृष्ण की जीवन यात्रा का प्रस्तुतीकरण और तीसरे मुख्य गर्भगृह में मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। बाहरी पंडाल को राजस्थानी शैली में सजाया गया है, जिसका निर्माण बंगाल से आए 70 कुशल कारीगरों ने दो महीने की कड़ी मेहनत से किया है। निर्माण कार्य में पुआल, लकड़ी और FRP का उपयोग किया गया है।
READ MORE :Jamshedpur News :DC-SSP ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण, हर पंडाल में अनिवार्य होंगे CCTV कैमरे
25 सितंबर को होगा भव्य उद्घाटन समारोह
श्री अभय सिंह ने बताया कि पूजा महोत्सव का शुभारंभ 25 सितंबर 2025 को शाम 6 बजे झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री बाबूलाल मरांडी के कर कमलों से किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू मौजूद रहेंगी।
हर वर्ष की भांति इस बार भी उद्घाटन अवसर पर लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद से लेकर 5 अक्टूबर तक मेला का आयोजन जारी रहेगा।
READ MORE :Jamshedpur News :बेलडीह क्लब में 26 सितम्बर को होगा वांडरलस्ट फेस्टिव एडिट 2.0 का आयोजन
सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम
पूरे पूजा परिसर में 50 सीसीटीवी कैमरे, 30 अग्निशमन यंत्र और 200 प्रशिक्षित वालंटियर तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी के लिए 5 सदस्यीय विशेष टीम बनाई गई है, जो पूरे आयोजन के दौरान सक्रिय रहेगी।
श्री अभय सिंह ने बताया कि मैदान में कोई भी दर्शनार्थी किसी समस्या का सामना करता है, तो वे तत्काल ड्यूटी पर तैनात कार्यकर्ताओं से सहायता ले सकते हैं।
कार्यकर्ता सम्मेलन में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर समिति के प्रमुख सदस्य श्री शशि मिश्रा और श्री सम्राट सिंह भी मंच पर उपस्थित थे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की।



