
जमशेदपुर।

आकाशवाणी जमशेदपुर के लिए यह गौरव का विषय है कि रूपकों के प्रतिष्ठित अखिल भारतीय कार्यक्रम में इस बार आकाशवाणी जमशेदपुर की विशेष प्रस्तुति ‘ईस्पात, संस्कृति और सपनों का शहर : जमशेदपुर की बहुरंगी पहचान’ का प्रसारण रविवार, 5 जुलाई 2026 को रात्रि 9:30 बजे किया जाएगा। लगभग आधे घंटे की अवधि वाला यह विशेष रेडियो रूपक देशभर के सभी आकाशवाणी केन्द्रों से एक साथ प्रसारित होगा।
यह रेडियो रूपक कालीमाटी नामक छोटे से गांव से लेकर आधुनिक औद्योगिक नगर जमशेदपुर के निर्माण, विकास और वैश्विक पहचान की प्रेरक यात्रा को उद्योग, विज्ञान, शिक्षा, खेल, संस्कृति, पर्यावरण, आदिवासी विरासत और सामाजिक सरोकारों के विविध आयामों के माध्यम से प्रस्तुत करता है। रूपक में जमशेदपुर को केवल एक औद्योगिक नगर नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के विकास, मानवीय मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के जीवंत प्रतीक के रूप में उकेरा गया है।
रूपक में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदररामम ने जमशेदपुर की टाउन प्लानिंग, सामाजिक उत्तरदायित्व, हरित विकास और नागरिक सहभागिता पर अपने विचार साझा किए हैं। सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर के शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. अभिलाष ने ग्रीन मेटलर्जी, धातु पुनर्चक्रण, पर्यावरणीय प्रौद्योगिकी और भविष्य की वैज्ञानिक संभावनाओं पर प्रकाश डाला है।
इसी क्रम में एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने संस्थान की ऐतिहासिक यात्रा, अनुसंधान, नवाचार और विकसित भारत के निर्माण में तकनीकी शिक्षा की भूमिका पर चर्चा की है। वहीं एक्सएलआरआई, जमशेदपुर के निदेशक फादर सेबेस्टियन जॉर्ज, एस.जे. ने वैश्विक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और मूल्यपरक शिक्षा पर अपने विचार व्यक्त किए हैं।
रूपक में पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित पद्मश्री चामी मुर्मू, सोहराय चित्रकला की प्रसिद्ध जनजातीय कलाकार हीरा मांझी, विश्वविख्यात पर्वतारोही पद्मभूषण बछेंद्री पाल, पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित तीरंदाजी प्रशिक्षक पूर्णिमा महतो, टाटा स्टील के खेल प्रमुख एवं जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकुल चौधरी, नवल टाटा हॉकी अकादमी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव तथा टाटा मोटर्स से सेवानिवृत्त और विश्व के लगभग 40 देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके वयोवृद्ध प्रबुद्ध नागरिक चंद्रेश्वर खां की विशेष बातचीत भी शामिल की गई है।
रूपक का आलेख शाहिद अनवर ने तैयार किया है, जबकि प्रभावशाली वाचन तासीर शाहिद का है। इसकी प्रस्तुति में संगीत, ध्वनि प्रभाव और कवितामय शैली के माध्यम से जमशेदपुर की बहुआयामी पहचान को अत्यंत रोचक और श्रवणीय रूप दिया गया है। कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ता राजीव रंजन तिवारी तथा संयोजक राजेश कुमार राय हैं।
श्रोता इस विशेष राष्ट्रीय प्रसारण को News On AIR प्लेटफ़ॉर्म पर विश्व के किसी भी हिस्से से सुना सकेंगे। दिल्ली केन्द्र से इसका प्रसारण एफएम गोल्ड, आकाशवाणी लाइव न्यूज़ 24×7, आकाशवाणी (AIR) के आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा NewsOnAir ऐप पर भी उपलब्ध रहेगा।



