
जमशेदपुर।
आजसू पार्टी के स्थापना दिवस को बलिदान दिवस के रूप में मनाते हुए पार्टी की एकता, संघर्ष और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जमशेदपुर से रांची पहुंचे। आयोजन हरिबंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में हुआ, जिसमें राज्य भर से हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।


जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो और अन्य केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को दोहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए राज्य की जनता के हक और अधिकारों के लिए पूरी ताकत से संघर्ष किया जाएगा।
Jamshedpur News :बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों के लिए रेड क्रॉस ने लगाया स्वास्थ्य शिविर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “राज्य की जनता आज बदलाव चाहती है, और उनकी नजर आजसू पार्टी पर टिकी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रखंड स्तर पर, गांव के चौपालों पर जाकर जनता को पार्टी के विचारों से अवगत कराएं और वर्तमान सत्ता की विफलताओं और भ्रष्टाचार को उजागर करें।
सुदेश महतो ने कहा, “राज्य को संवारने के लिए अगर दोबारा बलिदान की आवश्यकता हो तो सबसे पहले आजसू का नौजवान खड़ा रहेगा और मैं स्वयं सबसे पहले खड़ा रहूंगा।” उनके प्रेरणादायक भाषण से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और ऊर्जा का संचार हुआ और पूरे स्टेडियम में “जय आजसू, जय झारखंड” के नारों से माहौल गूंज उठा।
कार्यक्रम में भाग लेने वालों में कई प्रमुख नाम शामिल थे, जिनमें संजय मलाकार, अप्पू तिवारी, संजय सिंह, विमल मौर्य, अजय सिंह बब्बू, संतोष सिंह, चन्द्रश्वर पांडेय, ललित सिंह, मुद्रीका सिंह, मंगल टुडू, दीपक पांडेय, प्रवीण प्रसाद, संगीता कुमारी, मंजू राज, सुधीर सिंह, सोनू सिंह, जितेंद्र यादव, राजेश ओझा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
बलिदान दिवस पर यह आयोजन यह दर्शाता है कि आजसू पार्टी संगठनात्मक रूप से मजबूत हो रही है और राज्य के बेहतर भविष्य हेतु दृढ़ संकल्पित है।