
जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी ललित मीणा ने सीतारामडेरा थाना पहुंचकर मामले की समीक्षा की. उन्होंने थाना पदाधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और अब तक की गयी पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
समीक्षा के दौरान सिटी एसपी ने फायरिंग की वजह, घटनास्थल की स्थिति, संदिग्धों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी ली. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच करने और मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
ऑर्गेनाइज्ड क्राइम पर विशेष नजर
समीक्षा के दौरान क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संगठित आपराधिक गतिविधियों को लेकर भी सिटी एसपी ने अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने आपराधिक गिरोहों से जुड़े लोगों की गतिविधियों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने को कहा. साथ ही संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी और गश्त को प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
सिटी एसपी ने कहा कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाये. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध नियंत्रण के लिए थाना स्तर पर आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश भी दिया गया.
फॉर्म-360 के मामलों की भी समीक्षा
बैठक के दौरान फॉर्म-360 से संबंधित मामलों और उससे जुड़े रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गयी. संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दर्ज मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस संदिग्धों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के साथ संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही.

