
जमशेदपुर, – भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित जमशेदपुर (कदमा) दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के नेतृत्व में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे एवं पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक रूट प्लान, वैकल्पिक मार्ग, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, भवन सुरक्षा एवं लेआउट प्लान समेत सभी जरूरी तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति आगमन के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें।
इस निरीक्षण में उप विकास आयुक्त, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, पुलिस विभाग सहित आयोजन से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
माननीय राष्ट्रपति का यह दौरा जमशेदपुर के लिए गौरव का विषय है, जिसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है।



