
जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 75वीं आमसभा मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे चैम्बर भवन में संपन्न हुई। आमसभा में चैम्बर की चारों उपसमितियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव, संकल्प और वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट को सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस ऐतिहासिक 75वीं आमसभा के अवसर पर एक विशेष स्मारिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें बीते एक वर्ष के दौरान चैम्बर की गतिविधियों और उपलब्धियों का संकलन है।
सड़क हादसे के मृतकों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
आमसभा के उपरांत सभी सदस्यों ने पिछले दिनों मेरिन ड्राइव पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवाओं को याद किया। सदस्यों ने मृतक सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, झारखंड सरकार की मंत्री श्रीमती दीपिका सिंह पाण्डेय की पुत्री तृषा सिंह और वंशिका खंडेलवाल की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अध्यक्ष और महासचिव का संबोधन
अध्यक्ष मानव केडिया ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने उद्योग एवं व्यापार के हितों के साथ-साथ एयरपोर्ट, रेलवे और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि राज्यभर की व्यापारिक समस्याओं को समझने के लिए पहली बार झारखंड के 19 चैम्बरों को एक मंच पर आमंत्रित कर सिम्पोजियम का आयोजन किया गया था।
कार्यक्रम में महासचिव पुनीत कांवटिया ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट आमसभा के समक्ष रखी, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटा मोटर्स में बोनस समझौता हुआ संपन्न, अधिकतम 87543, औसतन 53787 रुपये
चारों उपसमितियों के प्रमुख प्रस्ताव एवं संकल्प
आमसभा में व्यापार एवं वाणिज्य के विकास, कर व्यवस्था के सरलीकरण और आधारभूत संरचनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण संकल्प पारित किए गए:
व्यापार एवं वाणिज्य: कोल्हान में टेक्सटाइल एवं गारमेंट पार्क की स्थापना, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा और स्थानीय एमएसएमई एवं व्यापारियों को सरकारी खरीद में प्राथमिकता दिलाने की पहल की जाएगी।
जनसंपर्क एवं कल्याण: जमशेदपुर या आसपास एयरपोर्ट की आवश्यकता, टाटानगर स्टेशन का इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, नया बस स्टैंड और चैम्बर के लिए 500 सीटों वाले ऑडिटोरियम सहित नई प्रशासनिक इमारत के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।
वित्त एवं कराधान: जमशेदपुर कमिश्नरेट में जीएसटी अपीलेट बेंच की स्थापना, प्रोफेशनल टैक्स के ब्याज माफी के लिए एमनेस्टी योजना और टैक्स कानूनों में बदलाव की पूर्व सूचना की मांग की गई।
उद्योग: कोल्हान में नए औद्योगिक पार्क की स्थापना, टाटानगर में कोचिंग डिपो, जमशेदपुर में एमएसएमई सुविधा केंद्र और इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, उमेश कांवटिया एवं निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने भी अपने अनुभव साझा किए और पदाधिकारियों को बधाई दी। बैठक में मनोज गोयल, चन्द्रकांत जटाकिया, उमेश खीरवाल, पीयूष गोयल, अश्विनी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में चैम्बर के सदस्य उपस्थित थे।


