
जमशेदपुर। लौहनगरी के बिष्टुपुर मेन रोड स्थित झारखंड राज्य सहकारी बैंक दुर्गापूजा समिति इस वर्ष अपना 52वां दुर्गोत्सव मना रही है। इस अवसर पर मां दुर्गा की मुखाकृति पर आधारित भव्य काल्पनिक मंदिर की थीम पर पूजा पंडाल तैयार किया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
लगभग 40 फीट ऊंचे और 30 फीट चौड़े इस पूजा पंडाल को आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी से सजाया गया है। बैंक प्रबंधन की टीम और शहरवासियों के सहयोग से आयोजित इस दुर्गोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को भी महत्व दिया गया है।
मां दुर्गा की मुखाकृति पर आधारित पंडाल बना आकर्षण
झारखंड राज्य सहकारी बैंक दुर्गापूजा समिति ने इस वर्ष पंडाल को अलग स्वरूप देने का प्रयास किया है।मां दुर्गा की मुखाकृति को केंद्र में रखकर काल्पनिक मंदिर का मॉडल तैयार किया गया है। इसकी ऊंचाई करीब 40 फीट और चौड़ाई 30 फीट है।आकर्षक विद्युत सजावट के कारण पंडाल की भव्यता और बढ़ गई है।
वर्ष 1975 में हुई थी पूजा समिति की स्थापना
समिति के अध्यक्ष अमित प्रसाद ने बताया कि झारखंड राज्य सहकारी बैंक दुर्गापूजा समिति की स्थापना वर्ष 1975 में हुई थी।समिति अपनी धार्मिक और सामाजिक परंपराओं को लगातार आगे बढ़ा रही है। इस वर्ष दुर्गोत्सव का बजट लगभग 5.50 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।उन्होंने बताया कि कलश स्थापना के साथ नौ दिनों तक मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।
महानवमी पर 108 कन्याओं का सामूहिक पूजन
समिति के उपाध्यक्ष संतोष साहू ने बताया कि पूर्व वर्षों की परंपरा के अनुसार इस बार भी महानवमी पर 108 बच्चियों के सामूहिक कन्या पूजन का कार्यक्रम रखा गया।इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण और बच्चों को पाठ्य सामग्री देने की व्यवस्था की गई।समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज सेवा और बच्चों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब, भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश
आयोजन में बैंक प्रबंधन और समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका
दुर्गोत्सव को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष अमित प्रसाद, उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, उमेश चंद सिंह, संतोष साहू, रजनी सिंह, के. रमेश राव, अजय सिकदर, श्याम नंदन और श्याम बास्के सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।इसके अलावा महासचिव सुनील कुमार राम और कोषाध्यक्ष नंद कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य तथा बैंक प्रबंधन की टीम आयोजन से जुड़े कार्यों में सहयोग कर रही है।समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

