
जमशेदपुर। एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रेड रन के तहत जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में 3 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बालक और बालिका वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
यह आयोजन झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, रांची के सौजन्य से जिला स्वास्थ्य समिति और जिला प्रशासन के खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के साथ एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता फैलाना था।
हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह एचआईवी/एड्स नोडल पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, मेरा युवा भारत पूर्वी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी मंटू पातर तथा टाटा स्टील खेल विभाग से डॉ. हसन मलिक इमाम और फिरोज खान शामिल रहे।
अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर 3 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत की।
डॉ. साहिर पाल ने युवाओं को किया प्रोत्साहित
मुख्य अतिथि डॉ. साहिर पाल ने कहा कि रेड रन जैसे आयोजन युवाओं को खेल और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के साथ-साथ एचआईवी/एड्स के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों और भेदभाव को कम करने तथा जागरूक समाज बनाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
READ MORE :Jamshedpur News :टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क द्वारा वन्यजीव सप्ताह समारोह–2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
बालिका वर्ग में पानो बास्के और बालक वर्ग में बबलू टुडू प्रथम
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
बालिका वर्ग
- प्रथम — पानो बास्के
- द्वितीय — लक्ष्मी मुर्मू
- तृतीय — सिंगों हेम्ब्रम
बालक वर्ग
- प्रथम — बबलू टुडू
- द्वितीय — मुकेश कुमार
- तृतीय — निखिल कुमार
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3,000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ मेडल देकर सम्मानित किया गया।
छह विजेता रांची में राज्य स्तरीय RED RUN में लेंगे हिस्सा
बालक और बालिका दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले सभी छह खिलाड़ी 30 सितंबर को रांची में होने वाली राज्य स्तरीय RED RUN प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन खेल उद्घोषक डॉ. श्याम कुमार शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, खेल विभाग और अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों के अनुसार, रेड रन के माध्यम से युवाओं को खेल, स्वास्थ्य, एचआईवी/एड्स जागरूकता तथा नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


