जमशेदपुर।
भगवान श्री सत्य साईं बाबा के 101वें जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, जमशेदपुर में भक्ति और निःस्वार्थ सेवा भाव के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. बाबा के शाश्वत संदेश “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो” को समर्पित इस आयोजन में मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल के कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अस्पताल की ओर से पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और आसपास के जिलों के बच्चों के लिए निःशुल्क इकोकार्डियोग्राफी (हृदय जांच) शिविर लगाया गया. इस शिविर में 50 से अधिक बच्चों की हृदय जांच और फॉलो-अप देखभाल की गई. इनमें जन्मजात हृदय रोग (CHD) से पीड़ित बच्चों के साथ-साथ वे बच्चे भी शामिल थे, जिनकी पूर्व में श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पतालों में पूरी तरह निःशुल्क पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जरी हो चुकी है.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :उत्कल एसोसिएशन साकची का 93वां स्थापना दिवस 24 नवंबर को
नारायण सेवा का आयोजन
सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए अस्पताल परिसर में ‘नारायण सेवा’ का भी आयोजन किया गया, जिसके तहत 500 से अधिक लोगों को निःशुल्क भोजन कराया गया. कार्यक्रम का समापन ‘सत्य साईं भजन’ संध्या के साथ हुआ, जिसमें अस्पताल कर्मियों, मरीजों और सहयोगियों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी.
श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में है इलाज नि:शुल्क
श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की प्रतिनिधि सौम्या जांध्याला ने बताया कि झारखंड के ग्रामीण और आदिवासी समुदायों की माताओं व बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क मातृ, नवजात और बाल हृदय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए समर्पित इस मदर एंड चाइल्ड अस्पताल में अब तक 3,500 से अधिक निःशुल्क सुरक्षित प्रसव कराए जा चुके हैं.



