
जमशेदपुर: वन महोत्सव 2025 के अवसर पर टाटा स्टील ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रविवार को आइएसडब्ल्यूपी सी-2 क्वार्टर परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरमम ने टाटा वर्कर्स यूनियन और पत्रकारों के साथ मिलकर पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।


कार्यक्रम के दौरान सुंदरमम ने कहा कि “प्रकृति संरक्षण सिर्फ सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित पर्यावरण छोड़ना हमारा कर्तव्य है।”
इस कार्यक्रम में टाटा मेन हॉस्पिटल की जनरल मैनेजर (मेडिकल सर्विसेज) डॉ. विनीता सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी, महामंत्री सतीश सिंह सहित टाटा स्टील के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान लगभग 300 पौधे लगाए गए, जिनमें विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार वृक्ष शामिल थे। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय समुदाय में हरित जागरूकता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
टाटा स्टील की कॉरपोरेट सर्विसेज टीम ने वन महोत्सव 2025 के अवसर पर 1 जुलाई से 7 जुलाई तक एक सप्ताहव्यापी पौधरोपण अभियान की शुरुआत की है, जो पर्यावरणीय संरक्षण और सतत विकास की भावना को समर्पित है। इस सप्ताह के दौरान विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
टाटा स्टील का यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर पर्यावरण के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंपनी ने वर्षों से सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को निभाने में अग्रणी भूमिका निभाई है, और यह पहल उसी का हिस्सा है।


