
हिन्द युग्म प्रकाशन, वाणी प्रकाशन और राजकमल प्रकाशन की पुस्तकों का क्रेज जोरों पर



Anni Amrita
जमशेदपुर पुस्तक मेला 2026 में मशहूर दिनकर पुस्तकालय भागलपुर का स्टाॅल नंबर 17 लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. दिनकर पुस्तकालय के प्रतिनिधि हिमांशु शेखर झा ने बताया कि वे जमशेदपुर पुस्तक मेले में पहली बार भाग ले रहे हैं, लेकिन यहां मिली प्रतिक्रिया और लोगों के उत्साह से संतुष्ट हैं.
मेले का समय बदले तो लोगों की बढ़ेगी भागीदारी
हिमांंशु शेखर झा ने बिहार झारखंड न्यूज नेटवर्क से बात करते हुए कहा कि वैेसे तो पुस्तक मेला को लेकर जमशेदपुर में उत्साह देखने को मिला, लेकिन मेले का समय दोपहर दो बजे से शुरु होता है, जिसे बदलकर पटना की तर्ज पर दस- ग्यारह बजे से किया जाए, तो लोगों की संख्या और बढेगी.
हिन्द युग्म प्रकाशन नए लेखकों के लिए बन चुका है अनोखा मंच
दिनकर पुस्तकालय के स्टाॅल में मशहूर लेखक नीलोत्पल मृणाल की पुस्तक ‘दुल्हिन सावधान’ के साथ-साथ उनकी सभी किताबें (विश्वगुरु, औघड़, यार जादूगर और डार्क हाॅर्स आदि) लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं. उनकी किताबों के प्रकाशक ‘हिन्द युग्म’ प्रकाशन के विषय में हिमांशु शेखर ने बताया कि यह प्रकाशन आज के समय में नए लेखकों के लिए अनोखा मंच बन गया है. आज के युवा की आवाज बन चुके ‘हिन्द युग्म प्रकाशन’ की किताबें सबसे ज्यादा बिक रही हैं. नए लेखकों को बढ़ावा देने वाले इस प्रकाशन के विषय में हिमांशु ने बताया कि यहां लगातार पुस्तकें प्रकाशित हो रही हैं. हिन्द युग्म नए युवा लेखकों को लिखने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उसकी मार्केटिंग पर भी काफी काम करता है. यही वजह है कि नई पीढी के लोगों तक वह आसानी से पहुंच रही है. हिमांशु ने बताया कि वाणी प्रकाशन और राजकमल प्रकाशन की पुस्तकें खासकर उपन्यास काफी बिक रहे हैं. उन्होंने बताया कि उनके ‘दिनकर पुस्तकालय’ के स्टाॅल पर सबसे ज्यादा वाणी प्रकाशन की पुस्तकें बिक रही हैं.
दिनकर पुस्तकालय ऑनलाइन पुस्तक उपलब्ध कराने में आगे, नहीं है डिलीवरी चार्ज, तीस प्रतिशत छूट
दिनकर पुस्तकालय के प्रतिनिधि हिमांशु शेखर झा ने बिहार झारखंड न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए बताया कि उनकी संस्था देश भर में तीस प्रतिशत छूट के साथ ऑनलाइन पुस्तकें लोगों को उपलब्ध कराती है. डिलीवरी चार्ज नहीं लिया जाता है. वहीं पुस्तक मेले में बीस प्रतिशत छूट रहती है. साथ ही विदेशों में भी लोगों तक पुस्तकें पहुंचाई जाती है. संस्था का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को पुस्तकों से जोड़ना है.




