
जमशेदपुर।
नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। नामांकन के प्रथम दिन मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्रों में चुनाव लड़ने के इच्छुक अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र (Nomination Form) खरीदे, जिससे चुनावी सरगर्मी तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।


मानगो नगर निगम में सबसे अधिक हलचल
मानगो नगर निगम क्षेत्र में पहले दिन महापौर पद के लिए कुल 6 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 120 उम्मीदवारों ने आवेदन पत्र लिया।
महापौर पद के लिए नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदने वालों में कुमकुम श्रीवास्तव, साईस्ता परवीन, अनीता देवी, काकोली महतो, जेबा कादरी और रायमुनी सुंडी प्रमुख रूप से शामिल हैं। पहले ही दिन बड़ी संख्या में नामांकन पत्रों की बिक्री से यह स्पष्ट है कि मानगो नगर निगम में मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर 6 दावेदार
जुगसलाई नगर परिषद में भी चुनावी माहौल गरमाने लगा है। यहां अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन 6 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 18 उम्मीदवारों ने आवेदन लिया।
अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने वालों में निलोफर हुसैन, डौली मलिक, अर्चना दूबे, मुस्सर्रत खातुन और बलबीर कौर के नाम प्रमुख हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :32वां एशियाई ज्योतिष सम्मेलन 30 जनवरी से, देश-विदेश के विद्वान ज्योतिषी होंगे शामिल
चाकुलिया नगर पंचायत में भी चुनावी तैयारी तेज
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में भी नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन अच्छी भागीदारी देखने को मिली। यहां अध्यक्ष पद के लिए 3 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि 22 उम्मीदवारों ने वार्ड सदस्य पद के लिए आवेदन किया।
अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में संध्या रानी सरदार, सुजाता मुर्मू और शीलावती टुडू शामिल हैं।
चुनावी माहौल ने पकड़ी रफ्तार
नामांकन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में आवेदन पत्रों की बिक्री से यह साफ है कि नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने, जांच प्रक्रिया और चुनाव प्रचार के साथ चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की संभावना है।
प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


