
जमशेदपुर।


जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का काम पूरी तरह से ठप है। घर-घर से कचरा न उठाए जाने के कारण मोहल्लों और गलियों में कचरे का अंबार लग गया है। सड़ते कचरे से उठती दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों के बढ़ते खतरे से स्थानीय नागरिक परेशान हैं। इस गंभीर नागरिक समस्या को लेकर आज जुगसलाई नगर परिषद के पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी श्री संदीप पासवान से मुलाकात कर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की।
READ MORE :Jharkhand cabinet :एयर एंबुलेंस और AI क्लास समेत कई बड़े फैसले
सफाई एजेंसी की लापरवाही से जनता बेहाल
पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कचरा उठाने वाली एजेंसी लगातार नए-नए बहाने बनाकर नियमित सफाई कार्य से पल्ला झाड़ रही है। एजेंसी की इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली का खामियाजा जुगसलाई की जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नगर परिषद प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।
एजेंसी पर सख्त कार्रवाई और टेंडर रद्द करने की मांग
वार्ता के दौरान पार्षदों ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि वर्तमान एजेंसी समझौते की शर्तों के अनुसार कार्य करने में असमर्थ है, तो:एजेंसी को तत्काल शो-कॉज नोटिस जारी किया जाए।
आवश्यकता पड़ने पर वर्तमान टेंडर को रद्द कर किसी नई और सक्षम एजेंसी को जिम्मेदारी दी जाए।
नगर परिषद समस्या का कोई अस्थायी उपाय खोजने के बजाय स्थायी समाधान सुनिश्चित करे।
अल्टीमेटम: पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द नियमित कचरा उठाव शुरू नहीं हुआ, तो वे जनहित में उग्र आंदोलन करने \
के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन और संबंधित एजेंसी की होगी।
कल से पुनः शुरू होगा कचरा उठाव: कार्यपालक पदाधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि कचरा उठाव करने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों से वार्ता चल रही है। सभी गतिरोध दूर कर लिए गए हैं और कल से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का काम पूर्ण रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
बैठक में ये पार्षद रहे मौजूद
कार्यपालक पदाधिकारी के साथ हुई इस उच्चस्तरीय वार्ता में मुख्य रूप से पार्षद अनिल मोदी, सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना और बड़े लाल दुबे उपस्थित थे।


