JAMSHEDPUR
आगामी स्वतंत्रता दिवस वाले दिन 15 अगस्त को सिख युवक सुंदर व साफ पगड़ी सजा कर ईनाम के हकदार बन सकते है।
रविवार को सेंट्रल सिख नौजवान सभा “दस्तार मेरी शान” दस्तार सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन स्वतंत्रता दिवस के पावन मौके पर साकची गुरुद्वारा परिसर में लंगर हॉल में करेगी।
इस बाबत जानकारी देते हुए सेंट्रल सिख नौजवान सभा के अध्यक्ष सतबीर सिंह गोल्डू ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का मक़सद है कि सिख बच्चे सिख धर्म की विरासत को समझे कि किस तरह गुरुओं ने शहीदी देकर इस पगड़ी की लाज रखी है। उन्होने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जायेगा।
सभा के महासचिव जितेन्द्र सिंह शालू ने कहा कि सेंट्रल सिख नौजवान सभा ने यह मौका दिया है जमशेदपुर के तमाम सिख युवकों को कि वे अपनी पगड़ी बांधने की कला का प्रदर्शन कर आने वाली पौध को प्रेरित कर सकें।
सतविंदर सिंह (कोषाध्यक्ष), जगजीत सिंह (उपाध्यक्ष) और सलाहकार हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि सिख बच्चे बढ-चढ़ कर इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर इसे सफल बनायें। सीतारामडेरा के पगड़ी विशेषज्ञ राजकमल सिंह और संदीप सिंह कार्यक्रम के जज होंगे।
