जमशेदपुर। शनिवार को भुइयाडीह नन्द नगर ग्वाला बस्ती शिव मंदिर में श्री रूद्र महायज्ञ एंव स्फटिंक शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा आयोजन के चौथे दिन शैय्या अधिवास, पुष्पाधिवास पूजन किया गया। यज्ञाचार्य पंडित कन्हैया लाल शास्त्री की देखरेख में स्फटिंक शिवलिंग को तीर्थ जल से पंचामृत स्नान कराने के बाद बैंड बाजा के साथ नगर भ्रमण कराया गया।
इस दौरान शिव पार्वती की झांकी आकर्षण का केन्द्र बनी रही। दो बच्चे शिव पार्वती बनकर वाहन पर सवार थे। नगर भ्रमण में शामिल श्रद्धालु नाचते हुए हर हर महादेव का जयघोष कर रहे थे। भुइयाडीह के आस-पास लगभग तीन किमी तक नगर भ्रमण कर मंदिर लौटे स्फटिंक शिवलिंग की विशेष पूजा अर्चना श्रद्धालुओं द्धारा की गयी। आज भी पंडित कन्हैया लाल शास्त्री ने विभिन्न देवी-देवताओं के नाम से विधिवत रूप से पूजा अर्चना करायी। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए श्रद्धालुओं द्धारा यज्ञ कुंड में विशेष आहुति दी गयी।
शनिवार को भी मुख्य यजमान समाजसेवी डा. एसके तिवारी थे। पांचवें दिन रविवार 18 जुलाई को यज्ञ पूर्णाहुति एवं भोग प्रसाद वितरण के साथ ही धार्मिक आयोजन का समापन होगा। आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक कुमार पांडेय, रेखा, रीना सिंह, विमला सिंह, मुन्नी देवी, परसुराम पांडेय, कमलेश यादव, राजा राम यादव, महेंद्र यादव, महेश प्रसाद, भोला यादव, महावीर यादव, मिथलेश पांडेय, ललन यादव, उमेश सिंह, आदि का प्रमुख रूप से योगदान रहा।
