
जमशेदपुर: भारत विकास परिषद की जमशेदपुर और आदित्यपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में राष्ट्रीय समूह गान शाखा स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति और संस्कारों की झलक प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली दोनों शाखाओं की विजेता टीमें अब 11 अक्टूबर को रांची में आयोजित प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में जमशेदपुर-आदित्यपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: टाटानगर स्टेशन के विकास कार्यों का AGM ने लिया जायजा, यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा
दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि अतुल भटनागर, टाटा स्टील के OMQ डिवीजन के महाप्रबंधक, विशिष्ट अतिथि अभिषेक अग्रवाल, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष, भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, क्षेत्रीय संयोजक सह संयुक्त सचिव दिनेश प्रसाद, शाखा अध्यक्ष अशोक मोदी, शशि मिश्रा, पूर्वी घोष, शाखा सचिव अरुण गुप्ता और राकेश सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद डीएवी एनआईटी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति दी। शाखा अध्यक्ष अशोक मोदी ने स्वागत संबोधन किया।
आदित्यपुर शाखा में डीएवी एनआईटी प्रथम
प्रतियोगिता के परिणाम में आदित्यपुर शाखा की ओर से डीएवी एनआईटी ने प्रथम स्थान हासिल किया। केपीएस गम्हरिया दूसरे और विद्या ज्योति स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं जमशेदपुर शाखा की प्रतियोगिता में एआईडब्ल्यूसी एकेडमी, बारीडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रामकृष्ण मिशन दूसरे स्थान पर रहा।
इस प्रकार दोनों शाखाओं की प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें अब 11 अक्टूबर को रांची में होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
संस्कार और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता का आयोजन शाखा स्तर से शुरू होकर प्रांत, क्षेत्र और इसके बाद राष्ट्रीय स्तर तक किया जाता है।
प्रत्येक गीत की प्रस्तुति के लिए प्रतिभागियों को सात मिनट का समय निर्धारित किया गया था। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की भूमिका कोंकना दास, सुशांत घोषाल और आलोक ने निभाई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के सीतारामडेरा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार, विधायक पूर्णिमा साहू ने 61.50 लाख की विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण
अरुण गुप्ता ने किया संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन जमशेदपुर शाखा सचिव अरुण गुप्ता ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शैलेंद्र कुमार, पूर्वी घोष, रंजना कुमारी, राजेश सिन्हा, महावीर अग्रवाल, राकेश सिन्हा, विनीत सहाय, भारत सहाय, कविता सहाय, आकांक्षा सुमन, पवन ओझा समेत अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
अंत में आदित्यपुर शाखा सचिव राकेश सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

