
जमशेदपुर: सावन (Sawan 2026) के पावन महीने में भोलेनाथ के भक्तों को सुलभता से गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग (Department of Posts), सिंहभूम मंडल ने एक बेहद अनोखी और सराहनीय पहल की है। सावन के सोमवार के अवसर पर विभाग ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और भक्ति का सुंदर उदाहरण पेश करते हुए मंडल के विभिन्न प्रमुख शिवालयों में विशेष स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को मात्र ₹30 में गंगोत्री (Gangotri) का शुद्ध पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराया गया।


READ MORE :Shravani Mela 2026: सासाराम, डेहरी और डीडीयू के काँवरियों के लिए खुशखबरी! जसीडीह जाने के लिए रेलवे ने बनाया ये खास प्लान, देखें पूरा टाइमटेबल
जायदा और चित्रेश्वर मंदिर में डाककर्मियों ने संभाला मोर्चा
डाक विभाग की इस पहल से दूर-दराज के इलाकों से शिवालयों में पहुंचने वाले कांवड़ियों और आम श्रद्धालुओं को भारी सहूलियत मिली। अभियान को सफल बनाने के लिए डाककर्मियों ने मंदिरों के प्रांगण में खुद मोर्चा संभाला:
जायदा मंदिर, चांडिल: चांडिल उप डाकघर की ओर से रिलेशनशिप मैनेजर सह डाक सहायक श्री देबाशीष आश ने अपनी पूरी टीम के साथ मंदिर प्रांगण में स्टॉल लगाया और श्रद्धालुओं को सुलभता से गंगाजल उपलब्ध कराया।
चित्रेश्वर महादेव मंदिर, बहरागोड़ा: पूर्वी अनुमंडल के बहरागोड़ा उप डाकघर की टीम का नेतृत्व करते हुए श्री चंडी चरण साधु ने अपनी टीम के साथ महादेव के दरबार में पहुंचे भक्तों के लिए गंगाजल वितरण की व्यवस्था सुचारू रखी।
‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे पवित्र गंगाजल’
इस अभियान में व्यक्तिगत संपर्कों का भी बेहतरीन इस्तेमाल देखने को मिला। रिलेशनशिप मैनेजर उज्ज्वल दासगुप्ता ने अपने परिचित अमितेश कुमार के माध्यम से 98 बोतल गंगाजल विशेष रूप से उपलब्ध कराया, ताकि जलाभिषेक के दौरान आपूर्ति में कोई कमी न आए। यह पूरा अभियान वरिष्ठ डाकपाल श्री सुधीर कुमार की विशेष निगरानी में चलाया गया। उनका स्पष्ट निर्देश था कि इस धार्मिक अभियान के तहत गंगोत्री के पवित्र जल की उपलब्धता हर आम और अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित की जाए। उनके नेतृत्व और पूरी टीम की लगन से डाक विभाग का यह प्रयास बेहद सफल और असरदार साबित हुआ, जिसकी श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की।




