जमशेदपुर। प्रमुख फिनटेक कंपनी एंजेल वन लिमिटेड ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की ताजा रिपोर्ट 1सी के अनुसार, सक्रिय ग्राहकों (एक्टिव क्लाइंट्स) के मामले में देश के दूसरे सबसे बड़े स्टॉक ब्रोकर का मुकाम हासिल कर लिया है। अक्टूबर 2026 तक कंपनी के सक्रिय ग्राहकों की संख्या बढ़कर 69.98 लाख हो गई है, जो एनएसई के कुल 4.67 करोड़ सक्रिय ग्राहकों का 14.97 प्रतिशत है। अक्टूबर महीने के दौरान एंजेल वन ने एनएसई पर शुद्ध रूप से 2.43 लाख नए सक्रिय ग्राहक जोड़े, जो रिटेल निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और टेक्नोलॉजी आधारित निवेश प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता को दर्शाता है। इसके साथ ही, अक्टूबर 2026 में कंपनी का कुल ग्राहक आधार सालाना आधार पर 17.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4 करोड़ के ऐतिहासिक आंकड़े को पार करते हुए 4.06 करोड़ तक पहुंच गया है। इस अवधि में कंपनी ने 6.6 लाख नए ग्राहक जोड़े, जो पिछले नौ महीनों में सबसे अधिक है। भारतीय कैपिटल मार्केट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए एंजेल वन निवेशकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार कर रही है। कंपनी इक्विटी, म्यूचुअल फंड और कॉरपोरेट बॉन्ड से लेकर वेल्थ मैनेजमेंट और अमेरिकी शेयरों में निवेश जैसी सुविधाएं प्रदान करते हुए एक व्यापक वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। इसके अतिरिक्त, एंजेल वन सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के नए रजिस्ट्रेशन में भी देश की दूसरी सबसे बड़ी योगदानकर्ता बनकर उभरी है। यह उपलब्धि प्लेटफॉर्म पर खुदरा निवेशकों के बढ़ते भरोसे को रेखांकित करती है। कंपनी आम लोगों तक निवेश को सुलभ बनाने और हर निवेशक को एक ही मंच पर सभी वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

